Skip to main content

नरवर से जब घर आता था : कविता: डॉ हिमांशु गौड़



नरवर से जब घर आता था
******
कुछ प्रसाद चिनौरी लेकर,
गंगा जी की मिट्टी लेकर
दस रूपए की कट्टी लेकर,
जल उसमें भी भर लाता था
नरवर से जब घर आता था।।१।।

भाष्य, कौमुदी, अष्टाध्यायी,
रघुवंश, रुद्राष्टाध्यायी,
शिवराजविजय , प्रतापविजय,
इन सब को बक्से में रखकर
बस छुट्टी को मन में रखकर
इक उमंग को भर लाता था
जब नरवर से घर आता था।।२।।

कुर्ता और पाजामा पहने
एक हाथ में लिए अटैची
मोटी चुटिया सिर पर धारे
बिल्कुल ना मैं शर्माता था
नरवर से जब घर जाता था ।।३।।

निमंत्रणों में मिली दक्षिणा
तांबे की लुटिया और कंबल
मन-तुष्टि के होते संबल
बालकपन की उपलब्धि को
थैले में ही धर लाता था
नरवर से जब घर आता था ।।४।।

भंडारों की कथा सुनाकर
वेद-मंत्र को सुना-सुनाकर
घटनाओं को बढ़ा-चढ़ाकर
सब जन को हर्षाता था
नरवर से जब घर आता था।।५।।

मन में नवरस हर्ष घोलकर
जाड़े की तो धता बोलकर
हर-हर गंगे बोल-बोलकर
गङ्गा में रोज नहाता था
जब नरवरवासि कहाता था।।६।।

अंगोछे से सिर को ढांपे
तपते रस्ते मैंने नापे
बढ़ते पैर कभी ना कांपे
सांझ ढले पहुंचा निज द्वारे
चाय कड़क तब बनवाता था
नरवर से जब घर आता था।।७।।

'चौराहे' पर पहुंच, रोककर
'बुलंदशहर' की बस, में बैठा,
'बुलंदशहर' से फिर 'स्याना'
'स्याना' से तांगे में आता था
'नरवर' से जब घर आता था।।८।।

बालक मोह पड़त भारी है,
भूल गया सब तैयारी है
पांच दिनों की छुट्टी को मैं,
दस-दस दिन की कर जाता था
घर से जब नरवर जाता था।।९।।

दीपावली दस वर्ष न छोड़ी,
जन्मभूमि से राह न मोड़ी,
होली के रंगों को मन में,
सजा-सजा कर भर लाता था,
नरवर से जब घर जाता था।।१०।।

हुआ छात्रकाल अब पूरा,
सपना सा बीता जो सारा
अब अतीत की यादों से ही,
भरा हुआ मन, रहे अधूरा।।११।।

आज मची है आपा-धापी,
पैसे की है भागम-भागी
चिन्ताओं से भरा चित्त है,
कौन आज किसका सुमित्र है।।१२।।

लेकिन जीवन यही है मेरा,
नयी शाम है, नया सवेरा
छाएगा फिर घना अंधेरा,
क्या है तेरा क्या है मेरा।।१३।।

दुनिया नाम इसी का है जो,
आनी जानी माया है
पकड़ो नानाविध यत्नों से,
फिर भी छूटती काया है।।१४।।

यही पढ़ा है यही लिखा है
हरिनाम ही सच्चा है,
भारत की इस पुण्य धरा पर
गाता बच्चा-बच्चा है।।१५।।

मोहजाल हैं रिश्ते-नाते
फिर भी इन्हें निभाना है,
ज्यों पानी में कमल बसे
त्यों जग में वास बनाना है।।१६।।
****
©हिमांशु गौड़
०२:४० अपराह्न,१६/०६/२०२०,भौम, गाजियाबाद।

Comments

Popular posts from this blog

संस्कृत सूक्ति,अर्थ सहित, हिमांशु गौड़

यत्रापि कुत्रापि गता भवेयु: हंसा महीमण्डलमण्डनाय हानिस्तु तेषां हि सरोवराणां येषां मरालैस्सह विप्रयोग:।। हंस, जहां कहीं भी धरती की शोभा बढ़ाने गए हों, नुकसान तो उन सरोवरों का ही है, जिनका ऐसे सुंदर राजहंसों से वियोग है।। अर्थात् अच्छे लोग कहीं भी चले जाएं, वहीं जाकर शोभा बढ़ाते हैं, लेकिन हानि तो उनकी होती है , जिन लोगों को छोड़कर वह जाते हैं ।  *छायाम् अन्यस्य कुर्वन्ति* *तिष्ठन्ति स्वयमातपे।* *फलान्यपि परार्थाय* *वृक्षाः सत्पुरुषा इव।।* अर्थात- पेड को देखिये दूसरों के लिये छाँव देकर खुद गरमी में तप रहे हैं। फल भी सारे संसार को दे देते हैं। इन वृक्षों के समान ही सज्जन पुरुष के चरित्र होते हैं।  *ज्यैष्ठत्वं जन्मना नैव* *गुणै: ज्यैष्ठत्वमुच्यते।* *गुणात् गुरुत्वमायाति* *दुग्धं दधि घृतं क्रमात्।।* अर्थात- व्यक्ति जन्म से बडा व महान नहीं होता है। बडप्पन व महानता व्यक्ति के गुणों से निर्धारित होती है,  यह वैसे ही बढती है जैसे दूध से दही व दही से घी श्रेष्ठत्व को धारण करता है। *अर्थार्थी यानि कष्टानि* *सहते कृपणो जनः।* *तान्येव यदि धर्मार्थी* *न  भूयः क्लेशभाजनम्।।*...

ननकू : हिमांशु गौड: आख्यान

ननकू ! हां यही नाम था उस विद्यार्थी  का जिसकी उम्र इस समय 17 साल थी और वह इस समय बाबा गुरु से प्रौढ़मनोरमा का पाठ पढ़ रहा था । बाबा गुरु जी जिस तरह से उसे पढ़ाते थे वह उसी तरह से कंठस्थ कर के उन्हें सुना देता था । इस तरह से वह उस संपूर्ण विद्या नगरी का होनहार शाब्दिक था बाबागुरुजी का उससे बड़ा प्रेम था । यद्यपि वह बहुत ही चंचल था वह नए-नए कौतुक करता था लेकिन फिर भी अपनी अत्यंत तीव्र बुद्धि के कारण वह व्याकरण के आचार्य काशी में प्रख्यात और अधुना नरवर के व्याकरण  पढ़ाने वाले श्री ज्ञानेंद्र आचार्य का भी अत्यंत प्रिय होने के साथ-साथ पढ़ने वाला शिष्य था । ज्ञानेंद्र आचार्य उसके विषय में सदा यह कहते थे कि ननकू तो बना बनाया ही विद्वान है । इसको तो बस अपने संस्कारों का उदय मात्र करना है । इस तरह से मनुष्य अपने पूर्व पुण्यों के आधार पर इस जन्म में तीक्ष्ण बुद्धि को प्राप्त करता है और उससे ही वह शास्त्रों का वैभव प्राप्त कर सकता है लेकिन यह सब पुण्य पर ही आधारित है । कोई कोई तीव्र बुद्धि का होते हुए भी विद्वान् नहीं बन पाता लेकिन कोई साधारण बुद्धि का होकर भी विद्वत...

श्रीबाबागुरुशतकम् (हिन्दीभावार्थ सहित) संस्कृत काव्य, डॉ. हिमांशु गौड़

    श्रीबाबागुरुशतकम् प्रणेताऽनुवादकश्च – आचार्यहिमाँशुगौडः       सर्वाधिकारः प्रकाशकाधीनः प्रथम-संस्करणम् - नवम्बर, २०१९ २०० प्रतयः   ।। श्रीगुरुं प्रति श्रद्धां कार्तज्ञं च व्यक्तीकुर्वत् शतश्लोकात्मकं काव्यम् ।। _____________________________ Publisher: True Humanity Foundation     Shri BabaGuru Shatkam Author & Translator: Acharya Himanshu Gaur                                                                                                         First Edition:   Nov. 2019 200 Copes Poetry of hundred verses expressing reverence and gratitude for Teacher. ­­­­­­­­_____________________________ Publisher: True Humanity Foundat...